आकाश में ग्रहों का महाकुंभ: 3 दिन, 5 ग्रह और एक यादगार अनुभव

बीजापुर 18 फरवरी 2026/ जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा नागरिकों के लिए एक अनूठा खगोलीय आयोजन “ब्रह्मांड का अद्भुत शो: 3 दिन, 5 ग्रह और एक यादगार अनुभव” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष कार्यक्रम 26, 27 और 28 फरवरी 2026 को शाम 6:30 बजे से रात 8:30 बजे तक सेंट्रल लाइब्रेरी, जैतालूर रोड, बीजापुर में आयोजित होगा।
इस तीन दिवसीय आयोजन में प्रतिभागियों को टेलिस्कोप के माध्यम से शनि के छल्लों और बृहस्पति के प्रमुख चंद्रमाओं का नज़दीक से दर्शन करने का अवसर मिलेगा। खगोल प्रेमियों के लिए यह कार्यक्रम किसी महोत्सव से कम नहीं होगा, जहाँ एक साथ पाँच ग्रहों की अद्भुत झलक देखने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान एस्ट्रो-फोटोग्राफी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रतिभागी अपने मोबाइल फोन या कैमरे से रात के आकाश की मनमोहक तस्वीरें कैद कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों, विद्यार्थियों और विज्ञान प्रेमियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर “सितारों की दुनिया को करीब से पहचानने” का आह्वान किया है। यह आयोजन न केवल ज्ञानवर्धक होगा, बल्कि परिवार और मित्रों के साथ एक यादगार अनुभव भी प्रदान करेगा।

