माओवाद के साए से विकास की राह पर- बोडगा

पहली बार पहुंचे कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ

ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, धान खरीदी केंद्र, आवास, शिक्षा, आजीविका एवं स्वास्थ्य योजनाओं पर हुई चर्चा

बीजापुर 12 जून 2026/कभी माओवाद का गढ़ माने जाने वाले ग्राम पंचायत ईतामपार के आश्रित ग्राम बोड़गा में विकास की नई उम्मीद लेकर 11 जून को जिले के कलेक्टर विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे सहित प्रशासनिक अधिकारियों का दल पहुंचा। इस दौरान एसडीएम एवं जनपद पंचायत सीईओ ने भी ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास संबंधी अपेक्षाओं को जाना।

गांव में आयोजित बस्तर मुन्ने शिविर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे सैचुरेशन कार्यों की समीक्षा की। शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत एवं राजस्व विभाग के मैदानी अमले द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्य किया जा रहा था। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।

कलेक्टर विश्वदीप ने ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने बस्तर मुन्ने के शिविर एवं रजिस्टर का अवलोकन कर इसकी उपयोगिता और महत्व के बारे में बताया तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

ग्रामीणों की मांग पर धान विक्रय की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत बैल में धान खरीदी केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने, स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।

इस अवसर पर कलेक्टर ने गांव के युवाओं एवं विद्यार्थियों से शिक्षा की स्थिति पर चर्चा करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों से सभी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह करते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर बल देते हुए कलेक्टर ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों के पनपने से रोकने तथा मलेरिया पॉजिटिव पाए जाने पर चिकित्सकों की सलाह के अनुसार पूरा उपचार लेने की अपील की। साथ ही 15 जून से प्रारंभ होने वाले मलेरिया मुक्त अभियान में स्वास्थ्य विभाग का सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।

इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के पात्र हितग्राहियों से चर्चा कर बरसात पूर्व आवास एवं शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। अधिकारियों के इस ऐतिहासिक दौरे से ग्रामीणों में उत्साह, विश्वास और नई उम्मीद का माहौल देखने को मिला। वर्षों तक माओवाद की छाया में रहे बोड़गा में अब विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ परिवर्तन की नई कहानी लिखी जा रही है।

gondwananews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

रायगढ़ कथक घराने के गौरव पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ को मिलेगा संगीत नाटक अकादमी का सर्वोच्च सम्मान "अकादमी रत्न"

Fri Jun 12 , 2026
बिलासपुर प्रेस क्लब में सम्मान समारोह, राष्ट्रपति द्वारा प्रदान की जाएगी प्रतिष्ठित फेलोशिप बिलासपुर। छत्तीसगढ़ और रायगढ़ कथक घराने के लिए गर्व का क्षण है। पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ कथकाचार्य पंडित रामलाल बरेठ को संगीत नाटक अकादमी की सर्वोच्च फेलोशिप “अकादमी रत्न” से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत […]

You May Like

Breaking News