बीजापुर में मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति से लेकर बीमा और अनुकंपा नियुक्ति तक की मांगें शामिल

बीजापुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। 27 अक्टूबर 2026 को सौंपे गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने नियमितीकरण, मानदेय वृद्धि, पदोन्नति, सामाजिक सुरक्षा और अनुकंपा नियुक्ति सहित कई मांगें रखी हैं। संघ की अध्यक्ष रेहान खान नें कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप सुविधाएं मिलनी चाहिए।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियमित किया जाए। नियमितीकरण होने तक श्रम कानून के तहत कार्यकर्ताओं को 30 हजार रुपये और सहायिकाओं को 25,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएं। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति तथा सहायिकाओं को कार्यकर्ता के पद पर वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नत करने की मांग उठाई गई है।
संघ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए समूह बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी और पीएफ की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी है। ज्ञापन में सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर परिवार को आर्थिक सुरक्षा देने की बात कही गई है। इसके तहत अनुकंपा नियुक्ति तथा सेवानिवृत्ति पर कार्यकर्ताओं को पांच लाख रुपये और सहायिकाओं को तीन लाख रुपये देने की मांग की गई है। ज्ञापन में मध्यप्रदेश की तर्ज पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के मानदेय में प्रतिदिन एक हजार रुपये की वृद्धि करने की मांग भी शामिल है। संघ का कहना है कि कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं पर विभागीय जिम्मेदारियों के साथ अन्य कामों का भी दबाव रहता है। ऐसे में उनकी आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
