चिन्नाकवाली के पास नगर सेना की मानवीय पहल, अस्वस्थ व्यक्तियों को भी बोट से पहुंचाया सुरक्षित

बीजापुर 24 अगस्त 2026/ जिले में लगातार बारिश के चलते नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हो रहा है। ऐसी विषम परिस्थितियों में जिला प्रशासन एवं राहत-बचाव दल ग्रामीणों की मदद के लिए लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में तहसील बीजापुर अंतर्गत ग्राम चिन्नाकवाली के पास स्थित चिंतावागु नदी में नगर सेना की टीम ने बोट के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षित नदी पार कराया।
चिंतावागु नदी में पानी का बहाव बढ़ने के कारण ग्रामीणों के लिए नदी पार करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। ऐसे समय में नगर सेना की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और बोट के जरिए ग्रामीणों को नदी के दूसरे छोर तक सुरक्षित पहुंचाने का कार्य किया। टीम द्वारा विशेष रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से नदी पार कराया गया, ताकि आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार तक उनकी पहुंच बनी रहे।
नगर सेना के जवानों ने पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ बोट का संचालन करते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई। नदी के तेज बहाव के बीच जवानों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता ने ग्रामीणों को बड़ी राहत पहुंचाई।
मुश्किल घड़ी में ग्रामीणों के साथ खड़ा प्रशासन
बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होता है। ऐसे समय में जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीणों को त्वरित सहायता मिल सके।चिन्नाकवाली के पास चिंतावागु नदी में नगर सेना की टीम द्वारा किया गया यह प्रयास इसी संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था का उदाहरण है। ग्रामीणों ने संकट की स्थिति में सहायता उपलब्ध कराने के लिए नगर सेना के जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया।प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण आवागमन प्रभावित होने पर भी ग्रामीणों को आवश्यक सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो। चिंतावागु नदी पर नगर सेना की टीम की यह पहल इसी जिम्मेदारी और सेवा भावना को दर्शाती है।

