136 बीजीएल सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर जब्त, डॉग स्क्वाड की मदद से जंगलों में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री का चला पता

बीजापुर। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना पामेड़ और गंगालूर क्षेत्र में चलाए गए दो अलग-अलग सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों के छिपाकर रखे गए डंप बरामद किए हैं। इन डंप से कुल 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया आसूचना के आधार पर थाना पामेड़ क्षेत्र में CASO अभियान के तहत डीआरजी, कोबरा 208 बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) की संयुक्त टीम ने तुमरेल-सिंगमपल्ली के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान संदिग्ध स्थानों की पहचान कर डॉग स्क्वाड की मदद से तलाशी ली गई, जहां माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से 103 बीजीएल सेल सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।
वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना गंगालूर क्षेत्र के FOB कुप्पागुड़ा के अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में की गई। यहां केरिपु 199/एफ, कोबरा 204 बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) वेस्पा की संयुक्त टीम ने सर्चिंग के दौरान दो माओवादी डंप का पता लगाया। तलाशी में 33 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई। दोनों स्थानों से बरामद विस्फोटक सामग्री और माओवादी सामान के संबंध में थाना पामेड़ एवं थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की गई है।
संदिग्ध विस्फोटक सामग्री से दूर रहने की अपील
बीजापुर पुलिस ने कहा है कि जिले में नक्सल उन्मूलन के साथ शांति, सुरक्षा और विकास को लेकर लगातार सर्चिंग एवं डी-माइनिंग अभियान संचालित किए जा रहे हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल या आसपास किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे छूने का प्रयास न करें। तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
