केजी हिल्स के पास सुरक्षा बलों की संयुक्त सर्चिंग में मिली बड़ी सफलता, कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में आम नागरिकों को जाने से बचने की अपील

बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के बीच सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के ताड़ापाला एफओबी (FOB) के समीप केजी हिल्स के जंगलों में सर्चिंग के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 नग बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर जिला पुलिस बीजापुर, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा की संयुक्त टीम ने 5 नवंबर को ताड़ापाला एफओबी के आसपास जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एफओबी से करीब डेढ़ किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के समीप तलाशी लेने पर माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल सेल मिले।
सुरक्षा बलों ने बरामद विस्फोटक सामग्री को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अपने कब्जे में लिया। इतनी बड़ी संख्या में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में जाने से बचें
पुलिस ने आम नागरिकों से कर्रेगुट्टा एवं आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल आवाजाही नहीं करने की अपील की है। क्षेत्र में बारूदी सुरंग (IED) अथवा अन्य विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की आशंका को देखते हुए खतरा बना हुआ है। सुरक्षा बलों द्वारा आगामी कार्ययोजना के तहत क्षेत्र में डी-माइनिंग अभियान चलाकर बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षा के मद्देनजर इन इलाकों में प्रवेश नहीं करने की अपील की है।

