मुर्गा लड़ाई की आड़ में लाखों का जुआ! रैगुड़ा के जंगल में पुलिस का बड़ा छापा, 156 लोग पकड़ाए

20 लाख 1 हजार रुपये नकद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल जब्त; जुआरियों में मचा हड़कंप

बीजापुर। जिले के थाना भद्राकाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रैगुड़ा के जंगल में मुर्गा बाजार की आड़ में लाखों रुपये का अवैध जुआ संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने मौके से 156 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए 20 लाख 1 हजार 200 रुपये नकद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रैगुड़ा के जंगल में आयोजित मुर्गा लड़ाई के दौरान रुपये-पैसों का दांव लगाकर बड़े पैमाने पर जुआ खिलाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर घेराबंदी की और कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद 156 व्यक्तियों के विरुद्ध थाना भद्राकाली में अपराध क्रमांक 06/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) तथा सार्वजनिक द्यूत अधिनियम की धारा 4 एवं 13 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

gondwananews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News