बिलासपुर। सोशल मीडिया के जरिए कथित भ्रामक पत्रकारिता और विज्ञापन के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब ने मोर्चा खोल दिया है। प्रेस क्लब ने इस मामले में राज्य शासन के प्रमुख सचिव, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर बिलासपुर एवं एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा नें कहा कि बिलासपुर जिले में इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ लोग स्वयं को पत्रकार बताकर कथित रूप से अपुष्ट और भ्रामक वीडियो प्रसारित कर रहे हैं। वहीं, विज्ञापन एवं समाचार प्रकाशन के नाम पर अनुचित दबाव बनाने और अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
ज्ञापन में इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा गया है कि यह किसी एक व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध प्रशासनिक व्यवस्था, जनविश्वास, डिजिटल सूचना की विश्वसनीयता और जिम्मेदार पत्रकारिता से है। ऐसी शिकायतों की समय पर जांच नहीं होने से न केवल सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं को बढ़ावा मिल सकता है, बल्कि वर्षों से निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता कर रहे वास्तविक पत्रकारों की साख पर भी असर पड़ता है।
बिलासपुर प्रेस क्लब ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही डिजिटल मीडिया के नाम पर पत्रकारिता की आड़ में कथित दबाव और वसूली जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
