
बिलासपुर। दीपावली के पर्व को लेकर न्यायधानी बिलासपुर में उत्साह और रौनक देखते ही बन रही है। त्योहार की खरीदारी के लिए शहर के प्रमुख बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बुधवारी बाजार, बृहस्पति बाजार, गोल बाजार, सदर बाजार और ईदगाह चौक स्थित फूल बाजार खरीदारों से गुलजार नजर आए।
दीपावली की तैयारियों के बीच बाजारों में सुबह से देर शाम तक चहल-पहल बनी हुई है। कहीं घरों को रोशन करने के लिए दीपक, झालर और सजावटी सामान की खरीदारी हो रही है, तो कहीं मिठाइयों, पूजन सामग्री और नए कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी है। वहीं ईदगाह चौक के फूल बाजार में भी सजावट और पूजन के लिए फूलों की खरीदारी को लेकर लोगों की आवाजाही बनी हुई है।
त्योहार की खुशियां बाजारों की रौनक में साफ झलक रही हैं। परिवार के साथ खरीदारी करने पहुंचे लोगों से बाजारों की गलियां गुलजार हैं। दीपावली के उत्साह ने शहर के व्यापारिक क्षेत्रों में भी रौनक बढ़ा दी है। रोशनी, सजावट और खरीदारी के बीच पूरी न्यायधानी दीपावली के रंग में रंगी नजर आ रही है।
