इन्द्रावती के जंगल में माओवादी डम्प से 4.29 करोड़ का सोना और 24.22 लाख नकद बरामद

जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखा था 330 तोला सोना, डीआरजी, भैरमगढ़ थाना और बीडीएस की संयुक्त कार्रवाई

 

 

बीजापुर। इन्द्रावती नदी के आसपास के जंगलों में जमीन के अंदर छिपाकर रखे माओवादी डम्प से पुलिस ने बड़ी मात्रा में सोना और नकदी बरामद की है। बरामद डम्प से 3.84 किलोग्राम (330 तोला) सोना, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है, वहीं 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह बरामदगी हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

जांच के दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद हुआ। डिब्बे में 10-10 तोला वजन के 33 सोने के बिस्किट, कुल 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम सोना मिला। इसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500 रुपये के नोटों के रूप में 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद हुए।

बरामद सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से जिले के विभिन्न इलाकों में माओवादी डम्प के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इन कार्रवाइयों के तहत अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।

gondwananews.com contact.. 8982470480

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News