चक्रधर समारोह की चमक के पीछे महल का अंधेरा, अपनी विरासत को ही भूला रायगढ़!

हर साल लाखों रुपये खर्च कर मनाया जाता है भव्य समारोह, लेकिन रायगढ़ घराने की विरासत और महाराजा चक्रधर सिंह का ऐतिहासिक महल आज भी अपने जीर्णोद्धार की बाट जोह रहा है।

रायगढ़। कभी इस महल की दीवारों ने तबले की थाप सुनी थी, कभी इसके आंगन में घुंघरुओं की झंकार गूंजती थी। कभी यहीं से सुर, ताल और कथक की ऐसी साधना निकली, जिसने रायगढ़ को देश-दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। इसी धरती पर संगीत और नृत्य को नई ऊंचाइयां देने वाले महाराजा चक्रधर सिंह ने रायगढ़ घराने की नींव रखी थी। लेकिन आज वक्त की विडंबना देखिए, जिस महाराजा की स्मृति में हर साल भव्य चक्रधर समारोह आयोजित किया जाता है, उन्हीं की ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा महल अपने उद्धार की राह देख रहा है।

वर्ष 1985 में गणेश चतुर्थी के अवसर पर महाराजा चक्रधर सिंह की स्मृति में चक्रधर समारोह की शुरुआत हुई थी। इसका उद्देश्य केवल एक सांस्कृतिक आयोजन करना नहीं, बल्कि उस महान कला साधक की स्मृतियों को जीवित रखना था, जिसने शास्त्रीय संगीत, तबला और कथक की दुनिया में रायगढ़ को गौरव दिलाया। महाराजा चक्रधर सिंह स्वयं महान तबला वादक, नर्तक और कला के अनन्य संरक्षक थे। उनके योगदान से विकसित रायगढ़ घराना आज भी भारतीय शास्त्रीय नृत्य जगत में सम्मान के साथ जाना जाता है।

समय के साथ यह समारोह एक छोटे आयोजन से निकलकर देश के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक उत्सवों में शामिल हो गया। हर साल देश के नामचीन कलाकार यहां पहुंचते हैं। मंच सजता है, रोशनी बिखरती है, शास्त्रीय संगीत की स्वर लहरियां गूंजती हैं और कथक के घुंघरू महाराजा की स्मृतियों को फिर से जीवंत कर देते हैं। राज्य शासन इस आयोजन पर लाखों रुपये खर्च करता है। कलाकारों का सम्मान होता है, संस्कृति का उत्सव मनाया जाता है और रायगढ़ की पहचान का गुणगान किया जाता है।

लेकिन इसी चमक-दमक के बीच एक सवाल खामोशी से खड़ा है। क्या महाराजा चक्रधर सिंह की विरासत केवल साल में एक बार मंच सजाने और समारोह आयोजित करने तक ही सीमित रह गई है?

जिस महल ने कभी कला और संस्कृति के इतिहास को अपने भीतर संजोया था, आज वही महल अपने संरक्षण और जीर्णोद्धार की प्रतीक्षा कर रहा है। उसकी खामोश दीवारें मानो पूछ रही हैं कि जिस नाम पर हर साल हजारों लोग जुटते हैं, जिस विरासत का गुणगान करने के लिए लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, क्या उस विरासत के वास्तविक संरक्षण की जिम्मेदारी किसी की नहीं?

यह केवल एक पुरानी इमारत का सवाल नहीं है। यह रायगढ़ की पहचान, छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक गौरव और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने का सवाल है। महल की दीवारों में इतिहास सांस लेता है। यहां की मिट्टी में कला की स्मृतियां बसी हैं। यदि समय रहते इस धरोहर को सहेजा नहीं गया तो आने वाली पीढ़ियां महाराजा चक्रधर सिंह को समारोह के मंच से तो जानेंगी, लेकिन उस ऐतिहासिक विरासत को शायद कभी महसूस नहीं कर पाएंगी, जहां से इस गौरवशाली सांस्कृतिक यात्रा की प्रेरणा निकली थी।

विडंबना देखिए, हर साल मंच पर महाराजा चक्रधर सिंह को श्रद्धांजलि दी जाती है, उनके योगदान को याद किया जाता है, उनके नाम पर तालियां बजती हैं। लेकिन उनकी स्मृतियों से जुड़ा महल आज भी अपने उद्धार की राह ताक रहा है।

काश! चक्रधर समारोह की रोशनी कभी उस महल तक भी पहुंचती, जिसकी विरासत ने इस समारोह को जन्म दिया। काश! मंच से महाराजा को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उनकी धरोहर को बचाने का संकल्प भी लिया जाता। क्योंकि किसी महान व्यक्तित्व को सच्ची श्रद्धांजलि केवल उसके नाम पर उत्सव मनाना नहीं, बल्कि उसके पीछे छोड़ी गई विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है। आज महल खामोश है, लेकिन उसकी खामोशी में एक सवाल गूंज रहा  हैं 

gondwananews.com contact.. 8982470480

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like