महादेव तालाब के पास ‘आई लव बीजापुर’ मैदान में हुई घटना, मवेशियों की तस्करी के आरोप में महीनों पहले जब्त हुई थी ट्रेलर

बीजापुर। शहर के महादेव तालाब के पास स्थित ‘आई लव बीजापुर’ मैदान में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस द्वारा जब्त कर खड़ी की गई एक ट्रेलर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रेलर से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि उक्त ट्रेलर को कुछ माह पहले पुलिस ने मवेशियों को लेकर दूसरे राज्य की ओर जाते समय जब्त किया था। जब्ती के बाद से ही वाहन इसी मैदान में खड़ा था। शुक्रवार को अचानक ट्रेलर में आग लगने से आसपास के इलाके में हलचल मच गई। आग की लपटें उठती देख बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई।
हैरानी की बात यह रही कि आग की चपेट में आई ट्रेलर पर नंबर प्लेट भी नजर नहीं आई। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह जांच का विषय है कि पुलिस की जब्ती में महादेव तालाब के पास खड़े वाहन में आग किन परिस्थितियों में लगी। दमकल की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास आग फैलने का खतरा टल गया।
