डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस और बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई | पूर्व में 7.60 करोड़ कैश और 8.5 किलो सोना भी बरामद

बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेपल्ली के जंगलों में पुलिस ने जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई 39 लाख 77 हजार रुपये की नगद राशि बरामद की है। माओवादी डम्प से बरामद रकम 500-500 रुपये के नोटों में स्टील के डिब्बे के अंदर टेप से लिपटे पैकेटों में छिपाकर रखी गई थी। डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह बरामदगी हुई है।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को ग्राम बड़ेपल्ली के जंगल में जमीन के अंदर संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी भैरमगढ़ नवीन कुमार एक्का के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी एवं डिमाइनिंग कार्रवाई के दौरान बीडीएस टीम ने जमीन के अंदर बोरी में रखे स्टील के डिब्बे को बरामद किया। डिब्बे की जांच करने पर उसमें टेप से लिपटे पैकेट मिले, जिनमें 500-500 रुपये के नोटों में कुल 39 लाख 77 हजार रुपये नगद रखे हुए थे। बरामद रकम को लेकर थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
माओवादी डम्प से पहले भी करोड़ों की बरामदगी
बीजापुर जिले में माओवादी डम्प से नगदी और सोने की बरामदगी का यह सिलसिला पहले भी जारी रहा है। पुलिस के मुताबिक, इससे पूर्व सुरक्षा बलों द्वारा माओवादी डम्प से 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपये नगद तथा 8.5 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। बड़ेपल्ली जंगल से हुई ताजा बरामदगी माओवादी नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों पर कार्रवाई के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
