आदिवासी नेता को पुलिस नें बेरहमी से पीटा,आम आदमी पार्टी ने की निष्पक्ष जांच की मांग

बीजापुर । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में होली पर्व के दौरान एक चिंताजनक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार होली की दरमियानी रात सड़क किनारे खड़े आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं आदिवासी नेता सतीश मड़वी के साथ पेट्रोलिंग पर निकले बीजापुर पुलिस के जवानों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया।
इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश महामंत्री समीर खान ने बीजापुर पुलिस की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर किसी नागरिक के साथ इस तरह की बर्बरता न केवल अमानवीय है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ भी है। उनका कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं लोकतंत्र की हत्या के समान हैं और यह बेहद चिंताजनक है।

समीर खान ने यह भी कहा कि सतीश मड़वी लंबे समय से क्षेत्र में आदिवासी समाज की आवाज उठाते रहे हैं। ऐसे में उनके साथ हुई इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के नेताओं के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
आम आदमी पार्टी ने इस पूरे मामले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए राज्य सरकार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्टी का कहना है कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित सतीश मड़वी को उचित उपचार, न्याय तथा मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द न्याय नहीं मिला तो आम आदमी पार्टी जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

