ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में निखर रही अंचल के बच्चों की प्रतिभाएं

8 खेलों का आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 260 खिलाड़ी, योग और सामान्य ज्ञान से भी हो रहा सर्वांगीण विकास

बीजापुर 19 मई 2026। जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में अंचल के बच्चों की खेल प्रतिभाएं निखर रही हैं। एजुकेशन सिटी में आयोजित इस आवासीय शिविर में जिले के सुदूर क्षेत्रों से आए खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों को विभिन्न खेलों का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

कलेक्टर  विश्वदीप एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के बच्चों को उचित मंच उपलब्ध कराकर उनकी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है।
शिविर में जिले के चारों विकासखंडों से आए 260 बच्चे आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को दो पालियों में वालीबाल, फुटबॉल, सॉफ्टबॉल, तीरंदाजी, बैडमिंटन, तैराकी, एथलेटिक्स एवं कबड्डी सहित 8 खेलों का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को खेलों के नियम, अनुशासन, फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। प्रतिदिन योग कक्षाओं का आयोजन कर बच्चों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
खेल गतिविधियों के साथ-साथ बच्चों को सेंट्रल लाइब्रेरी में सामान्य ज्ञान एवं शैक्षणिक गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भविष्य में स्पोर्ट्स अकादमी में प्रवेश देकर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
ग्रीष्मकालीन खेल शिविर बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना से भी जोड़ रहा है।

gondwananews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News