ढाई वर्षों की यादगार सेवा पुलिस अधीक्षक को जिला प्रशासन ने दी भावभीनी विदाई

कलेक्टर विश्वदीप ने कहा -बीजापुर के स्वर्णिम बदलाव में डॉ. यादव की भूमिका सदैव रहेगी स्मरणीय, कबीरधाम के लिए दी शुभकामनाएँ

बीजापुर 25 जुलाई 2026- बीजापुर जिले में लगभग ढाई वर्षों के सफल, समर्पित एवं उल्लेखनीय कार्यकाल के उपरांत कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में स्थानांतरित हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव को जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को जिला कार्यालय के इन्द्रावती सभाकक्ष में भावभीनी एवं गरिमामयी विदाई दी गई। समारोह में कलेक्टर श्री विश्वदीप सहित जिला प्रशासन, वन विभाग एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने डॉ. यादव के उत्कृष्ट योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि बीजापुर जैसे लंबे समय तक माओवादी गतिविधियों से प्रभावित जिले में डॉ. जितेन्द्र यादव का कार्यकाल ऐतिहासिक और प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में पुलिस, प्रशासन एवं सुरक्षा बलों के उत्कृष्ट समन्वय से जिले ने विकास, सुरक्षा और शांति की दिशा में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ हासिल कीं। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव के नेतृत्व में संचालित सफल अभियानों, सुदृढ़ कानून व्यवस्था तथा जनविश्वास को मजबूत करने वाले प्रयासों ने बीजापुर को नई पहचान दिलाई है। उनका यह कार्यकाल जिले के लिए एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।

कलेक्टर ने कहा कि डॉ. यादव ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य, संवेदनशीलता, दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व का परिचय देते हुए प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया। उनके नेतृत्व में न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई, बल्कि आम नागरिकों में विश्वास का वातावरण भी विकसित हुआ। उन्होंने कबीरधाम जिले में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना की।

समारोह में इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के उप संचालक संदीप बलगा, डीएफओ डॉ. जाधव सागर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, आईपीएस रविन्द्र मीणा एवं आईपीएस अमन कुमार झा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी अधिकारियों ने डॉ. यादव के साथ कार्य करने के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व सदैव प्रेरणादायी, सहयोगपूर्ण और टीम भावना को प्रोत्साहित करने वाला रहा। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी डॉ. यादव ने शांतचित्त होकर निर्णय लिए और सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा दी।

अपने विदाई उद्बोधन में डॉ. जितेन्द्र यादव भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि बीजापुर में बिताया गया समय उनके जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय अध्याय रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले की उपलब्धियाँ किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि जिला प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों तथा सभी विभागों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों, कठिन चुनौतियों और लगातार आने वाली बाधाओं के बावजूद सभी ने एक टीम की तरह कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप जिले में शांति, विश्वास और विकास का नया वातावरण स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि आज बीजापुर नक्सलवाद से मुक्त होकर अमन, चौन और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है, जो पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल एवं संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल सीएमएचओ डॉ बीआर पुजारी ने भी डॉ. यादव के सेवा-समर्पण, कार्यशैली और प्रशासनिक योगदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव की कार्यनिष्ठा, अनुशासन और सकारात्मक सोच आने वाले अधिकारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

विदाई समारोह में संयुक्त कलेक्टर उत्तम पंचारी सहित सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने डॉ. जितेन्द्र यादव को स्मृति-चिन्ह एवं शुभकामनाएँ भेंट कर उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भावनाओं, सम्मान और आत्मीयता से परिपूर्ण इस विदाई समारोह ने एक ऐसे अधिकारी के प्रति जिले की कृतज्ञता को अभिव्यक्त किया, जिसने अपने समर्पण, साहस और उत्कृष्ट नेतृत्व से बीजापुर के इतिहास में एक अमिट छाप छोड़ी।

 

gondwananews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कच्ची पाठशाला से पक्के विद्यालय तक

Mon Jul 27 , 2026
कन्या शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भैरमगढ़ के नए भवन से छात्राओं को मिली बेहतर शिक्षा की सौगात बीजापुर 27 जुलाई 2026- जिला बीजापुर के विकासखंड भैरमगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में कन्या शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का नवीन भवन तैयार हो गया है। पहले […]

You May Like