
बीजापुर । जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने ऊपर बढ़ते कार्यभार को लेकर प्रशासन से राहत की मांग की है। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए निवेदन किया कि उन्हें उनके मूल विभागीय कार्यों तक ही सीमित रखा जाए।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें अपने विभाग के कार्यों के अलावा अन्य विभागों के काम भी सौंप दिए जाते हैं, जिससे वे अपने मुख्य दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं कर पातीं। कई बार अतिरिक्त कार्यों के कारण बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय पर सेवाएं नहीं मिल पातीं, जिससे योजनाओं का लाभ भी प्रभावित होता है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 28 जुलाई 2023 को संचालकालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अन्य विभागों के कार्य न दिए जाएं। इसके बावजूद इस निर्देश का पालन नहीं हो रहा है। श्रीमती रेहाना बेगम नें कहा कि पूर्व में आयोजित बैठक में विभागीय सचिव के समक्ष भी यह समस्या रखी गई थी, जिसमें इस बात पर सहमति बनी थी कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अतिरिक्त कार्यों से मुक्त रखा जाएगा। कुछ जिलों में इस संबंध में आदेश भी जारी किए जा चुके हैं। यदि आंगनबाडी कार्यकर्ताओं को लगातार अन्य कार्यों में लगाया जाता रहा, तो इससे बच्चों की सुरक्षा और पोषण सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप निवेदन किया कि उन्हें अन्य विभागों के कार्यों से मुक्त कर केवल उनके मूल कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर दिया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उचित निर्णय करेगा।
