छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का महर्षि नारद जयंती सप्ताह कार्यक्रम सम्पन्न

रायपुर। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित महर्षि नारद जयंती सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन दो सत्रों में राजधानी रायपुर में सम्पन्न हुआ। प्रथम सत्र वृंदावन हॉल में तथा द्वितीय सत्र स्पीकर हाउस के साहित्यिक हॉल में आयोजित किया गया।

द्वितीय सत्र में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा ने की। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रदेश के विभिन्न जिलों, तहसील एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर ग्रामीण पत्रकारों का साल, श्रीफल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष पद पर आठवीं बार निर्वाचित होने पर अरविंद अवस्थी तथा महासचिव विश्व दीपक राई को बधाई दी। उन्होंने हंसी-ठिठोली के अंदाज में श्री अवस्थी को आजीवन अध्यक्ष बने रहने की शुभकामना भी दी।

अपने संबोधन में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कार्यक्रम में विशेष रूप से बस्तर एवं सरगुजा संभाग के पत्रकार उपस्थित हैं, जिन्होंने नक्सलवाद को बहुत करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के कार्यकाल में नक्सलवाद समाप्ति की ओर बढ़ा है। अब बस्तर में विकास की चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि नक्सलवाद और सलवा जुडूम जैसे विषयों पर निष्पक्षता से लेखन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने इस हिंसा में अपने परिजन खोए हैं, उनके दर्द को समझना जरूरी है। उन्होंने महर्षि नारद जयंती सप्ताह के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस अवसर पर प्रदेशभर के पत्रकारों से मिलने का अवसर मिला।

कार्यक्रम को राज्य साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा , मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने भी समारोह को संबोधित किया।

प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि डॉ. रमन सिंह हमेशा पत्रकारों को अपने परिवार की तरह मानते हैं तथा उनके सुख-दुःख में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में पत्रकारों के लिए कई योजनाएं संचालित कीं।

        प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने कहा कि पत्रकार समाज तक सभी सूचनाएं पत्रकारों के माध्यम से ही पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सहयोग के बिना समाज सुधार और राष्ट्रवाद की भावना मजबूत नहीं हो सकती। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी गौरी शंकर श्रीवास ने भी सभा को संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन राजेश मिश्रा ने किया तथा आभार प्रदर्शन महासचिव विश्व दीपक राई ने किया। कार्यक्रम के शुभारंभ में प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कार्य समिति के सदस्य, संभाग एवं जिलाध्यक्ष उपस्थित थे।

gondwananews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News