बस्तर की वादियों में घूमने आई बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर सड़क हादसे में हुई मौत

अत्यंत दुखद, एनएच-30 की बदहाल स्थिति के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार जिम्मेदार — समीर खान

जगदलपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री एवं बस्तर ज़ोन प्रभारी समीर खान ने धमतरी जिले के मरकाटोला घाट के पास हुई सड़क दुर्घटना में मुंबई निवासी 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुंबई से 23 बाइक राइडर्स का दल बस्तर की खूबसूरत वादियों और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने छत्तीसगढ़ आया था, लेकिन तेज रफ्तार ट्रेलर द्वारा पीछे से टक्कर मारने के कारण रिद्धि गंभीर रूप से घायल हुईं और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

समीर खान ने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि बस्तर और एनएच-30 की बदहाल सड़क व्यवस्था की भयावह तस्वीर है। आम आदमी पार्टी इस दुख की घड़ी में रिद्धि ठक्कर के परिवार, उनके साथियों और समस्त बाइक राइडर समुदाय के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं रातों की नींद छीन लेने वाली हैं और हर संवेदनशील नागरिक को झकझोर देती हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर देश की सबसे सुंदर प्राकृतिक धरोहरों में से एक है। यहां देश के विभिन्न राज्यों से हजारों पर्यटक, बाइक राइडर और प्रकृति प्रेमी घूमने आते हैं, लेकिन रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-30 आज अत्यंत जोखिम भरा मार्ग बन चुका है। लगातार बढ़ते भारी वाहनों, खनिज परिवहन, ट्रेलरों और बसों के दबाव के बावजूद सड़क की क्षमता के अनुरूप चौड़ीकरण और सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए हैं।

समीर खान ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार, केंद्र सरकार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों द्वारा लगातार ज्ञापन दिए गए हैं, स्वयं आम आदमी पार्टी ने भी कई बार लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर एनएच-30 की मरम्मत, चौड़ीकरण और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, लेकिन आज तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लोगों की जान जा रही है, फिर भी सरकार केवल घोषणाएं करती है। समाचार पत्रों में बार-बार सड़क निर्माण और सुधार की खबरें प्रकाशित होती हैं, किंतु जमीनी हकीकत यह है कि जगदलपुर से रायपुर तक का मार्ग आज भी जानलेवा बना हुआ है। लाखों लोग प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से यात्रा करने को मजबूर हैं।

आम आदमी पार्टी ने यह भी सवाल उठाया कि जब सड़क की वर्तमान क्षमता ही अपर्याप्त है, तब लगातार नई बसों और भारी वाहनों के परमिट जारी करना कितना उचित है? सरकार को पहले सड़क की क्षमता, सुरक्षा मानकों और यातायात दबाव का वैज्ञानिक अध्ययन करना चाहिए। केवल राजस्व बढ़ाने के लिए परमिट बांटना जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ है।

समीर खान ने कहा कि टोल प्लाजा से जनता से करोड़ों रुपये वसूले जा रहे हैं, लेकिन बदले में सुरक्षित सड़क, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक, आपातकालीन सहायता और बेहतर सड़क गुणवत्ता उपलब्ध नहीं कराई जा रही। यदि टोल वसूला जा रहा है तो जनता को सुरक्षित और मानक सड़क देना सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है।

आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार से निम्न मांगें की हैं:

धमतरी के मरकाटोला घाट दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी ट्रेलर चालक की तत्काल गिरफ्तारी की जाए।

रिद्धि ठक्कर के परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं न्याय सुनिश्चित किया जाए।

जगदलपुर से कांकेर तक एनएच-30 का तत्काल चौड़ीकरण (फोर लेन/उच्च मानक सड़क) किया जाए।

भारी वाहनों की गति नियंत्रण, अलग लेन, नियमित जांच और यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।

सड़क के गड्ढों, टूटे हिस्सों और दुर्घटना संभावित स्थलों का युद्ध स्तर पर सुधार किया जाए।

एनएच-30 पर एम्बुलेंस, क्रेन, हेल्पलाइन और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत किया जाए।

सड़क सुरक्षा पर सर्वदलीय बैठक बुलाकर बस्तर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिक संगठनों से सुझाव लिए जाएं।समीर खान ने कहा कि यदि सरकार अब भी नहीं चेती तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को जन आंदोलन के रूप में उठाएगी। सड़क सुरक्षा किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन का प्रश्न है। बस्तर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य और केंद्र दोनों सरकारों की संवैधानिक जिम्मेदारी है। केवल दुर्घटनाओं की निंदा करने से काम नहीं चलेगा, अब ठोस और समयबद्ध कार्रवाई करनी होगी।

gondwananews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

तिरंगे और मशाल की रोशनी में गूंजा देशभक्ति का संदेश, बीजापुर में निकली भव्य रैली

Thu Aug 13 , 2026
नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने दिखाया राष्ट्रप्रेम का जज्बा, सामूहिक रूप से किया वंदे मातरम् का गायन बीजापुर 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व बीजापुर जिले में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में तिरंगा रैली एवं मशाल रैली का […]

You May Like

Breaking News