नवाचार और उत्साह से गूंजा बीजापुर :जिला स्तरीय किसान मेला में उमड़ा जनसैलाब

बीजापुर 18 फरवरी 2026। कृषि विभाग द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, बीजापुर में “एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजनांतर्गत” जिला स्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर कृषि के नवीन आयामों से परिचय प्राप्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि स्थायी समिति के सभापति शंकरैया मडावी ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य  मैथ्यूज कुजूर एवं लच्छूराम मोड़ियामी, जनपद अध्यक्ष उसूर श्रीमती पूर्णिमा तेलम, जनपद पंचायत अध्यक्ष भैरमगढ़ श्रीमती दशरी कोरसा, उपाध्यक्ष त्रिपति पुनेम, जनपद सदस्य श्रीमती सरोजिनी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में अतिथियों ने किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ कृषि एवं सहायक व्यवसायों के माध्यम से आय में वृद्धि करने का आह्वान किया।

योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

उप संचालक कृषि पी. एस. कुशरे ने प्राकृतिक खेती, पीएम आशा योजना एवं विभाग द्वारा संचालित अन्य लाभकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने किसानों को योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक खेती के तौर-तरीकों एवं मशरूम उत्पादन जैसे आयवर्धक व्यवसायों पर व्यवहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया।

 आकर्षक प्रदर्शनी और कृषि यंत्रों का प्रदर्शन

मेले में कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यानिकी विभाग तथा किसान उत्पादक संगठनों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक उपकरण, पशुपालन एवं उद्यानिकी से संबंधित नवीन जानकारियां प्रदान की गईं।जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों द्वारा ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने मेले की शोभा बढ़ाई।

हितग्राहियों को सामग्री वितरण एवं सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने हेतु आईस बॉक्स का वितरण किया गया। साथ ही कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 उन्नतशील कृषकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय किसान मेले में किसानों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने यह स्पष्ट किया कि बीजापुर जिला कृषि क्षेत्र में नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से अग्रसर है। यह आयोजन किसानों के लिए ज्ञान, प्रेरणा और प्रोत्साहन का सशक्त मंच साबित हुआ।

gondwananews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

हर घर नल, हर घर जल का साकार हुआ सपना

Thu Feb 19 , 2026
घर-घर पहुँच रहा पानी, बदली ठरकपुर की कहानी बिलासपुर 19 फरवरी 2026. जल जीवन मिशन से मुंगेली जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर ग्राम ठरकपुर में हर घर नल, हर घर जल का सपना साकार हुआ है। मिशन के अंतर्गत ठरकपुर में पाइपलाइन बिछाकर प्रत्येक घर को नल कनेक्शन प्रदान […]

You May Like