मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के 14वें चरण का शुभारंभ, हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ

बीजापुर 15 जून 2026-/छत्तीसगढ़ शासन वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता एवं परिवहन एवं संसदीय कार्य विभाग तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने बीजापुर जिले को 18 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के 14वें चरण का शुभारंभ करते हुए 16 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक लागत के साथ विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 2 करोड़ 9 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत भैरमगढ़ ब्लॉक के मिरतुर एवं बेदरे में अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए 51-51 लाख रुपये की लागत से ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण, उसूर में 59 लाख रुपये की लागत से वरिष्ठ कृषि अधिकारी भवन निर्माण, आवापल्ली एवं कुटरू में शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए 4.65-4.65 करोड़ रुपये, शासकीय महाविद्यालय भैरमगढ़ में अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु 1.30 करोड़ रुपये तथा दुगईगुड़ा से चिंताकोंटा तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण कार्य के लिए 4.35 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है।
लोकार्पित कार्यों में जिला अस्पताल परिसर में 48.17 लाख रुपये की लागत से रैन बसेरा, 21 लाख रुपये का दाल-भात सेंटर, अटल आरोग्य लैब जिसमें प्राईवेट अस्पताल जैसे अत्याधुनिक जांच कुल 134 प्रकार के हो सकेंगे।
कार्यालय सह गोदाम निर्माण, विद्यालय भवन निर्माण, पंचायत भवन, पुलिया निर्माण तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में तार फेंसिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की स्वामित्व योजना के तहत वनाधिकार पट्टों का वितरण किया गया। वहीं निष्क्षय योजना के अंतर्गत पोषण आहार फूड बॉक्स, पुनर्वासित परिवारों को आयुष्मान कार्ड, गर्भवती महिलाओं को जच्चा-बच्चा कार्ड तथा दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि एक समय था जब बीजापुर जैसे क्षेत्रों में आने-जाने में भय का माहौल रहता था और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना चुनौतीपूर्ण था। लेकिन आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं और क्षेत्र में विकास की नई धारा बह रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एवं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है और आज बस्तर संभाग सहित बीजापुर जिला नक्सलमुक्त हुआ। जिससे दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों तक विकास पहुंच रहा है। अब वे क्षेत्र, जहां पहले जाना भी मुश्किल था, वहां आज सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
श्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजापुर के विकास की यात्रा पंचायत मुख्यालय से शुरू होकर जिला मुख्यालय तक पहुंच चुकी है, जो क्षेत्र की प्रगति का प्रमाण है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि 14 अप्रैल 2018 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीजापुर जिले के जांगला गांव से देश की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना का शुभारंभ किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बस्तर के लोगों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को देखते हुए इस योजना को समर्पित किया था ताकि गंभीर बीमारी की स्थिति में किसी परिवार को अपनी जमीन-जायदाद या आभूषण बेचने की नौबत न आए। उन्होंने बताया कि आज आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है, जिससे लाखों लोगों को राहत मिली है।
श्री कश्यप ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए संचालित योजनाएं, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा उज्ज्वला योजना जैसी पहलें समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा बीजापुर आने वाले वर्षों में विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुए।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, डीएफओ डॉ. सागर यादव, उप निदेशक इन्द्रावती संदीप बल्गा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चैबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
