सावधानी ही सुरक्षा: बहते पानी को पार न करें, जिला प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार

कलेक्टर नें की जिलेवासियों से अपील, कंट्रोल रूम, एसडीएम-तहसीलदार एवं नगरसेना की टीमें 24 घंटे राहत एवं बचाव कार्य में तैनात

बीजापुर 30 जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर हैं तथा बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। संभावित जोखिम को देखते हुए कलेक्टर विश्वदीप ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

कलेक्टर विश्वदीप ने कहा है कि किसी भी परिस्थिति में जान जोखिम में डालकर बहते हुए पानी, उफनते नालों अथवा पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। मौसम सामान्य होने तथा जलस्तर कम होने तक सुरक्षित स्थान पर ही रहें और अनावश्यक आवागमन से बचें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है। सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों तथा मैदानी अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि किसी क्षेत्र में बाढ़, जलभराव, मार्ग अवरुद्ध होने अथवा किसी व्यक्ति के फंसे होने जैसी स्थिति की जानकारी मिले तो तत्काल जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम अथवा संबंधित क्षेत्र के एसडीएम एवं तहसीलदार को सूचित करें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सके।

उन्होंने बताया कि नगरसेना की प्रशिक्षित बचाव टीमों को जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में 24 घंटे तैनात किया गया है। ये टीमें नाव, लाइफ जैकेट एवं अन्य आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ हर समय राहत एवं रेस्क्यू कार्य के लिए तैयार हैं। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, मरीजों एवं बुजुर्गों को अस्पताल ले जाने तथा अन्य आपात स्थितियों में तत्काल सहायता प्रदान की जाएगी।

कलेक्टर  विश्वदीप ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सहयोग और सतर्कता ही आपदा के समय सबसे बड़ी सुरक्षा है।

किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम अथवा संबंधित क्षेत्र के एसडीएम एवं तहसीलदार से संपर्क करें। जिला प्रशासन आपकी सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 

___________________________________________

जिला नियंत्रण कक्ष – 7587291848

जिला स्तरीय नोडल अधिकारी –  मुकेश कुमार देवांगन (डिप्टी कलेक्टर) – 7974547030 संयुक्त कलेक्टर/अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बीजापुर – जागेश्वर कोशल – 9165989716,डिप्टी कलेक्टर/अनुविभागीय अधिकारी (रा.) भैरमगढ़ – विकास सर्वे – 8305418893,डिप्टी कलेक्टर/अनुविभागीय अधिकारी (रा.) भोपालपटनम – यशवंत नाग – 9329781207,डिप्टी कलेक्टर/अनुविभागीय अधिकारी (रा.) उसूर – भूपेंद्र गांवरे – 9584603977,तहसीलदार बीजापुर – पंचराम सलामे – 7987641896,तहसीलदार भैरमगढ़ – श्रीमती प्रियंका बजारा– 9406216885,तहसीलदार भोपालपटनम – लक्ष्मण राठिया – 8871196750,तहसीलदार उसूर – देवनंदन टंडन – 9131768799,तहसीलदार गंगालूर –  भोजराम डहरिया -6267323260,तहसीलदार कुटरू –  सूर्य कांत धरत – 9479108608,जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नगर सेना – पी. बी. सिदार – 9827499604

gondwananews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

वीएसके ऐप में तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा - गजेंद्र यादव

Fri Jul 31 , 2026
लगभग डेढ़ लाख शिक्षक नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर निभा रहे हैं अपनी जिम्मेदारी, शिक्षा मंत्री ने जताया आभार 85 प्रतिशत शिक्षक रोज लगाते है ऑनलाइन अटेंडेंस बीजापुर 31 जुलाई 2026।स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि शिक्षक संगठनों एवं शिक्षकों द्वारा VSK ऐप में आ […]

You May Like