बीजापुर। फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी दीपक देवांगन पर व्यापारी के घर में जांच के नाम पर प्रवेश कर महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की के आरोपों को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। मामले में कलेक्टर बीजापुर श्री विश्वदीप ने जांच के आदेश देते हुए दो सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है।
जारी निर्देश के अनुसार अपर कलेक्टर (ADM) बीजापुर सहित दो सदस्यीय टीम पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी। टीम को मामले से जुड़े सभी तथ्यों, आरोपों एवं संबंधित पक्षों के बयान लेने के साथ ही घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर 7 दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
व्यापारी संघ ने की थी कार्रवाई की मांग
गौरतलब है कि फूड सेफ्टी अधिकारी दीपक देवांगन पर जांच के दौरान व्यापारी के घर में महिलाओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और बदसलूकी के आरोप लगाए गए थे। घटना के बाद व्यापारी पक्ष की ओर से कोतवाली थाने में आवेदन देकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की गई थी।
मामले को लेकर बीजापुर व्यापारी संघ ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। व्यापारियों ने चेतावनी दी थी कि जब तक संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं होती, तब तक व्यापारी अनिश्चितकालीन दुकान बंद रखने का निर्णय ले सकते हैं।
अब जांच रिपोर्ट पर टिकी नजर
कलेक्टर द्वारा जांच टीम गठित किए जाने के बाद अब पूरे मामले में प्रशासनिक जांच की रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सात दिनों के भीतर टीम द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन आगे की कार्रवाई कर सकता है। फिलहाल मामले में सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

