फूड इंस्पेक्टर 90 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

राशन दुकान आवंटन के नाम पर मांगी थी रिश्वत

बिलासपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मस्तूरी में पदस्थ फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को उसके महावीर सिटी स्थित निवास से ट्रैप कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम विद्याडीह निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव की उचित मूल्य दुकान पंचायत द्वारा संचालित है। तीन माह पूर्व इसे शैल स्व सहायता समूह को आवंटित करने के लिए आवेदन एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में दिया गया था, जो लंबित था।

आवेदन पर रिपोर्ट फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार से मांगी गई थी। आरोप है कि अनुकूल जांच रिपोर्ट देने और राशन दुकान आवंटन कराने के एवज में उन्होंने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में सौदा 90 हजार रुपये में तय हुआ।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

प्रार्थी महेंद्र पटेल रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने एसीबी में शिकायत कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाने की योजना बनाई। सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की। श्याम वस्त्रकार ने प्रार्थी को महावीर सिटी स्थित अपने घर पर रकम लेकर बुलाया। जैसे ही प्रार्थी ने 90 हजार रुपये दिए, बाहर तैनात एसीबी टीम को संकेत दिया गया। टीम ने तत्काल दबिश देकर पूरी रिश्वत राशि बरामद की और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके मकान पर सर्च ऑपरेशन भी जारी है।बताया जा रहा है कि श्याम वस्त्रकार के खिलाफ पूर्व में भी शिकायत मिली थी, जिस पर कलेक्टर ने उन्हें फील्ड से हटाकर जिला मुख्यालय की खाद्य शाखा में अटैच किया था। हालांकि बाद में उन्हें पुनः मस्तूरी में पदस्थ कर दिया गया था।अब एसीबी की इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

gondwananews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कानून व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर पुलिस ने की बर्बरता, आदिवासी नेता की बेरहमी से पिटाई

Thu Mar 5 , 2026
आदिवासी नेता को पुलिस नें बेरहमी से पीटा,आम आदमी पार्टी ने की निष्पक्ष जांच की मांग बीजापुर । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में होली पर्व के दौरान एक चिंताजनक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार होली की दरमियानी रात सड़क किनारे खड़े आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं […]

You May Like