जगदलपुर-शनिवार छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए उप-निर्वाचन की घोषणा के साथ ही प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा के निर्देशानुसार उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जहाँ उन्हें आगामी अप निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के साथ निर्वाचन कार्यक्रम की समय-सारणी साझा की। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, 11 मई को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो 18 मई तक चलेगी। मतदान 1 जून को निर्धारित किया गया है, जिसके पश्चात 4 जून को मतगणना के साथ परिणामों की घोषणा की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावी हो गई है। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी तिवारी ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन करने की अपील की

