स्वच्छता महा अभियान-2026 के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जगदलपुर:-नगर निगम जगदलपुर द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM Rules 2026) के अंतर्गत स्वच्छता महा अभियान 2026 के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन महाराणा प्रताप वार्ड क्रमांक के डोंगरी सेंटर में किया गया। कार्यक्रम महापौर संजय पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान आमजन को स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता शपथ दिलाकर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर लोगों को 4 प्रकार से कचरे का पृथक्करण करने हेतु प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया गया, जिसमें गीला कचरा, सूखा कचरा, घरेलू हानिकारक कचरा (Special Care Waste) एवं सैनिटरी वेस्ट को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कचरे का सही पृथक्करण स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ साथ पर्यावरण संरक्षण एवं बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
महापौर संजय पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से घर-घर में कचरा पृथक्करण अपनाने एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। नगर निगम जगदलपुर द्वारा पूर्व से ही स्वच्छता के प्रति लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा हैं। शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्वच्छता रैलियां, जनसंपर्क अभियान एवं नागरिकों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने जैसी गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। स्वच्छता महाअभियान 2026 इसी दिशा में शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, लक्ष्मण झा, राणा घोष, योगेन्द्र पाण्डे, संग्राम सिंह राणा संजय विश्वकर्मा, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पार्षद श्रीमती नेहा ध्रुव, श्रीमती पारुल बोथरा, श्यामसुन्दर बघेल, श्रीमती बसंती समरथ, सुश्री गायत्री बघेल, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, हेमन्त श्रीवास, अजय बनिक, पशु चिकित्सा विभाग से डॉ केके देव, डॉ. गीतिका ध्रुव, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ एनके मांझी, स्ट्रे सेफ फाउंडेशन से लुप्तेश जगत, राजीव निगम, राजपाल कसेर, नवीन बोथरा आदि उपस्थित रहे।

