पदभार लेते ही कलेक्टर का सुदूर अंचलों का व्यापक दौरा

ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, सड़क, राशन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दिए त्वरित निर्देश

बीजापुर 10 मई 2026/ कलेक्टर विश्वदीप ने रविवार को बीजापुर एवं उसूर ब्लॉक के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर सड़क, बिजली, पानी, राशन वितरण एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों, कनेक्टिविटी तथा ग्रामीण सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर गंगालूर मार्ग से होते हुए पीड़िया, हिरोली, कावंडगांव, मुतवेंडी, तर्रेम, बासागुड़ा एवं आवापल्ली का दौरा कर वापस बीजापुर पहुंचे। दौरे के दौरान कलेक्टर ने पामलवाया नर्सरी का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध फलदार पौधों की जानकारी ली। उन्होंने नर्सरी को विकसित करने हेतु कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक संख्या में पौध तैयार कर बाउंड्री वॉल युक्त संस्थानों में पौधारोपण के लिए उपलब्ध कराने को कहा।

गंगालूर में स्वास्थ्य एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा

कलेक्टर ने गंगालूर में स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की जानकारी ली तथा निर्माणाधीन अधोसंरचना कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 12 मई को आयोजित होने वाले सुशासन तिहार अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

एड़समेटा गांव तक पहुंचेगा राशन

ग्राम पंचायत बुरजी में राशन वितरण व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने हितग्राहियों से चर्चा की। इस दौरान एड़समेटा के ग्रामीणों ने बताया कि बुरजी से गांव की दूरी 12-13 किलोमीटर होने के कारण राशन लेने में कठिनाई होती है। इस पर कलेक्टर ने उपस्थित एसडीएम को ट्रैक्टर के माध्यम से एड़समेटा गांव में ही राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राशन दुकान तक बनेगी सीसी सड़क

कलेक्टर ने बुरजी राशन दुकान एवं आसपास निर्माणाधीन कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य सड़क से राशन दुकान तक सीसी सड़क निर्माण हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।

युवती को उच्च शिक्षा के लिए किया प्रेरित

राशन लेने पहुंची नैनपाल निवासी युवती गुंजन हेमला से चर्चा के दौरान पता चला कि 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद वह आगे की पढ़ाई नहीं कर रही हैं। कलेक्टर ने उन्हें उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने हेतु एसडीएम को निर्देश दिए। दौरे के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन पीएमजीएसवाई एवं अन्य सड़कों का भी अवलोकन किया और कार्यों में गुणवत्ता एवं गति बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम बीजापुर जागेश्वर कौशल, सीईओ जनपद पंचायत हिमांशु साहू, कार्यपालन अभियंता  नवीन टोंडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

gondwananews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News