प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा नें गिनाई उपलब्धियां

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की यात्रा निरंतर सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई नरेंद्र मोदी की जनसेवा की यात्रा आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में आगे बढ़ रही है। इस दौरान उन्होंने हर जिम्मेदारी को जनसेवा का अवसर माना। मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात के विकास के लिए कार्य करने के बाद प्रधानमंत्री के रूप में देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने का संकल्प लिया।जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ के साथ विशेष अपनत्व का रिश्ता रहा है। संगठन के पदाधिकारी के रूप में उन्होंने बस्तर जैसे सुदूर अंचलों में प्रवास कर संगठन को मजबूत करने का काम किया। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी छत्तीसगढ़ के साथ विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अनुभवों का आदान-प्रदान होता रहा।
उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों में राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम न मानकर सेवा और परिवर्तन का माध्यम बनाने का प्रयास किया गया। गरीब परिवारों को पक्का आवास, किसानों को आर्थिक सहायता, महिलाओं को सम्मान और सुविधाएं, युवाओं को अवसर तथा देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” शासन का मूल मंत्र बना है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही अंत्योदय की मूल भावना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। भाजपा सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के जरूरतमंदों तक पहुंचे और विकास की मुख्यधारा से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को जोड़ा जाए। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा नेताओं एवं पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित यात्रा बताते हुए उनके दीर्घ राजनीतिक योगदान को रेखांकित किया।
