
जगदलपुर/बस्तर। ग्राम विसपूर (पंचायत विसपूर, तहसील दरभा, जिला बस्तर) के ग्रामीणों के राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र लंबे समय से नहीं बनाए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) की बस्तर जिला इकाई ने मंगलवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला बस्तर के नाम ज्ञापन सौंपा।
पार्टी ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों के आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा किए जाने के बावजूद उनके आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित रखा गया है और संबंधित विभागों को अग्रेषित नहीं किया जा रहा है। इससे पात्र हितग्राही शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हैं।

प्रदेश सह संगठन मंत्री समीर खान ने बताया कि ग्रामीण कई बार मौखिक रूप से अपनी समस्याएं अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि संबंधित जनप्रतिनिधि और पंचायत की लापरवाही के कारण गरीब परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला राशन और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी पात्र ग्रामीणों के राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र शीघ्र जारी कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी जनहित में आगे भी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें बस्तर जोन प्रभारी समीर खान, जिला संगठन मंत्री जोगा राम, ब्लॉक अध्यक्ष आसीलाल, मुन्ना राम कवासी, संजय मौर्य (यूथ विंग जिला सचिव) सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
